कुट्टू का आटा खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पतालों में भर्ती मरीज
ग्रेटर नोएडा|ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज-3,रॉयल कोर्ट और हिमालया प्राईड सोसाइटी के निवासियों को महाशिवरात्रि के व्रत में कुट्टू का आटा खाना भारी पड़ा गया। तीनों जगह 40 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। ज्यादातर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। लोगों ने बताया कि कुट्टू का आटा खुला हुआ था। जिसका सेवन किया गया। वहीं एक बार फिर खाद्य विभाग की लापरवाही सामने आई हैइको विलेज-3 सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि का व्रत था। शाम को व्रत पूरा करने के लिए निवासियों ने कुट्टू के आटे का प्रयोग किया, लेकिन सेवन करने के बाद अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी-दस्त के साथ पेट दर्द की समस्या बढ़ गई। सोसाइटी के 30 से अधिक लोगों को यह समस्या रही। इनमें बच्चे भी शामिल है। समस्या बढ़ने पर लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सुबह तक उनका इलाज चल रहा है। वहीं, हिमालय प्राईड सोसाइटी में भी 15 से अधिक लोग बीमार हैं। कुछ मरीज न्यूमेड अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ सर्वोदय और नियो अस्पताल में भी भर्ती हैं। मरीज का कहना है कि उन्होंने जैसे ही कुट्टू के आटे का सेवन किया। उसके कुछ ही देर बाद उनके हाथ पैर सुन्न होने लगे। इसके साथ ही चक्कर व उल्टी की शिकायत होने लगी। कुछ देर उन्हें कुछ समझ में नहीं आया। घरेलू उपचार व दवाइयां ली,लेकिन थोड़ी देर बाद ही हालत बिगड़ने लगी। उन्हें नहीं पता कि परिजन उन्हें किस हालत में अस्पताल में लेकर आए। हिमालय प्राईड में रहने वाले आकाश ने बताया कि उनकी फैमिली के करीब 6 से 7 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें दो उनकी दो गर्भवती बहनें भी शामिल हैं। उन्हें भी भर्ती कराना पड़ा।
ऑनलाइन मंगवाया था कुट्टू का आटा
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के पास की एक स्थानीय मार्केट की दुकान से लोगों ने ऑनलाइन कुट्टू का आटा मंगवाया था। आटा पैकेट बंद नहीं था। खुला हुआ था। जिसने लोगों की बीमार कर दिया। लोगों के बीमार होने की जानकारी खाद्य विभाग की दी गई है।
खाद्य विभाग की लापरवाही से बीमार हो रहे लोग
ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में महाशिवरात्रि पर लोगों के बीमार होने का मामला पहली बार नहीं है। इससे पहले भी एक हॉस्टल के छात्र समेत 300 से अधिक लोब बीमार हुए थे। तब विभाग ने जांच कर नमूनों को लैब भेजकर खानापूर्ति की। उसके बाद भी जिले में धड़ल्ले से असुरक्षित व मिलावटी खाद्य पदार्थ बिक रहे है। लोगों का आरोप है कि खाद्य विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है।
अच्छेजा गांव के बच्चे भी हुए बीमार
उधर, दादरी के अच्छेजा गांव के नौ बच्चे भी कूट्टू के आटे खाने से बीमार हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बादलपुर में कराया गया।

