टीम की जीत में कप्तानों की भूमिका पर बड़ा सवाल
आईपीएल 2026 की शुरुआत के साथ एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है, इस बार सभी 10 टीमों की कमान भारतीय कप्तानों के हाथ में है। हर कप्तान का सफर अलग है, चुनौतियां अलग हैं और मौके भी अलग हैं। कोई अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश में है, तो कोई अपने शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहता है। आइए जानते हैं इन 10 कप्तानों की कहानी, आंकड़े और आईपीएल 2026 में उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है।
आईपीएल 2026: मौजूदा कप्तानों का रिकॉर्ड
नाम मैच जीते हारे टाई बेनतीजा जीत प्रतिशत
श्रेयस अय्यर 87 48 35 2 2 57.64%
हार्दिक पांड्या 60 35 25 0 0 58.33%
ऋषभ पंत 57 29 27 1 0 51.75%
शुभमन गिल 27 14 13 0 0 51.85%
रजत पाटीदार 13 10 3 0 0 76.92%
रियान पराग 8 2 6 0 0 25.00%
ऋतुराज गायकवाड़ 19 8 11 0 0 42.10%
अजिंक्य रहाणे 38 14 23 0 1 37.83%
अक्षर पटेल 13 5 6 1 1 45.83%
पैट कमिंस 30 15 14 0 1 51.72%
नोट: ईशान किशन पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे।
रजत पाटीदार: चैंपियन कप्तान, लेकिन फॉर्म की चुनौती
रजत पाटीदार ने पिछले साल आरसीबी को पहली बार खिताब दिलाकर इतिहास रच दिया था। शांत स्वभाव और सटीक फैसलों ने उन्हें एक बेहतरीन कप्तान बना दिया। हालांकि, आईपीएल 2025 के बाद उनका समय उतना अच्छा नहीं रहा। पाटीदार ने आईपीएल 2025 के बाद सात टी20 पारियों खेली हैं और 16.14 की औसत और 136.14 के स्ट्राइक रेट से 113 रन बनाए हैं। आईपीएल 2025 के बाद जरूर उन्होंने सेंट्रल जोन को दलिप ट्रॉफी जिताई और साथ ही हर प्रारूप में मध्य प्रदेश के कप्तान नियुक्त किए गए। लेकिन सैयद मुश्ताक में उनका फॉर्म खराब रहा था। घुटने की चोट और खराब फॉर्म ने उनके आत्मविश्वास को झटका दिया। अब फिट होकर वह एक बार फिर अपनी टीम को ट्रॉफी दिलाने की कोशिश करेंगे।
श्रेयस अय्यर: खुद को साबित करने की जंग
श्रेयस अय्यर लंबे समय से भारत की टी20 टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। पिछले आईपीएल में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन चोट और टीम से बाहर होने के कारण उनका करियर ठहर सा गया। इस बार आईपीएल उनके लिए करो या मरो जैसा हो सकता है। श्रेयस ने आईपीएल 2025 के बाद कोई टी20 नहीं खेला है। श्रेयस ने आईपीएल 2025 के बाद कोई टी20 नहीं खेला है। पिछले साल अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से वह चोट की वजह से बाहर ही रहे हैं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन कोई मैच नहीं खेल सके। वह टी20 विश्वकप के लिए भी नहीं चुने गए थे। अब उन पर पिछले साल के अधूर काम को पूरा करने और पंजाब टीम को पहली बार खिताब दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
हार्दिक पांड्या: स्टार ऑलराउंडर की बड़ी जिम्मेदारी
हार्दिक पांड्या पिछले कुछ महीनों में टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाड़ियों में रहे हैं। बैट और बॉल दोनों से उनका योगदान शानदार रहा है। अब सवाल यह है कि वह आईपीएल में किस रोल में खेलेंगे- फिनिशर या एंकर? और क्या वह नई गेंद से गेंदबाजी करेंगे? हार्दिक ने आईपीएल 2025 के बाद 33 टी20 पारियां खेली हैं। इसमें उन्होंने 167.06 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 22 विकेट भी झटके हैं। उनका इकोनॉमी रेट 8.89 का रहा है। उनकी कप्तानी में मुंबई की टीम आईपीएल 2025 में प्लेऑफ में पहुंची थी। अब उनकी नजर 2020 के बाद मुंबई को पहली बार आईपीएल फाइनल में ले जाने और छठी बार खिताब दिलाने की होगी।
शुभमन गिल: वापसी का मौका
शुभमन गिल का हालिया टी20 फॉर्म उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्हें वर्ल्ड कप टीम से भी बाहर होना पड़ा। लेकिन आईपीएल उनका पसंदीदा मंच है। गुजरात की पिचें उन्हें सूट करती हैं, और वह यहां अपनी खोई हुई लय वापस पा सकते हैं। शुभमन ने आईपीएल 2025 के बाद 15 पारियों में 24.25 की औसत और 137.26 के स्ट्राइक रेट से 291 रन बनाए हैं। वह टी20 में भारत के उपकप्तान रह, लेकिन फिर उन्हें हटा दिया गया। न्यूजीलैंड सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें उपकप्तानी पद से हटाया गया और साथ ही वह टी20 विश्वकप से भी बाहर हो गए।
अक्षर पटेल: चुपचाप गेम बदलने वाला खिलाड़ी
अक्षर पटेल भले ही ज्यादा सुर्खियों में न रहते हों, लेकिन उनकी अहमियत बेहद ज्यादा है। टी20 विश्वकप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। अब दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान के रूप में उनसे उम्मीद होगी कि वह टीम को मुश्किल मौकों पर जीत दिलाएं। अक्षर ने आईपीएल 2025 के बाद 23 टी20 पारियों में 119.28 के स्ट्राइक रेट से 167 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 26 विकेट भी लिए। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.74 का रहा। वह भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान भी हैं। पिछले साल आईपीएल में उन्होंने शानदार कप्तानी की थी। हालांकि, टीम प्लेऑफ से चूक गई थी।
ईशान किशन: फॉर्म में कप्तान
ईशान किशन का ग्राफ लगातार ऊपर गया है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और वर्ल्ड कप में दमदार पारी ने उन्हें फिर से टीम इंडिया में जगह दिलाई। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी करना उनके करियर में एक नया अध्याय हो सकता है। उनकी कप्तानी में झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता था। अब उनकी टीम भी उनसे शुरुआती मैचों में जीत की उम्मीद रखेगी। हालांकि, कमिंस के वापसी करते ही उन्हें कप्तानी सौंप दी जाएगी। अन्य सभी कप्तानों में सबसे शानदार फॉर्म में ईशान ही रहे हैं। आईपीएल 2025 के बाद उन्होंने 23 टी20 पारियों में 47.68 की औसत और 202.11 के स्ट्राइक रेट से 1049 रन बनाए हैं। सैयद मुश्ताक में शानदार फॉर्म का इनाम उन्हें भारतीय टीम में वापसी कर मिला। टी20 विश्वकप फाइनल में तीसरे नंबर पर उतरते हुए उन्होंने 25 गेंद में 54 रन की पारी खेली थी। अब आईपीएल में भी उनके पास जलवा दिखाने का मौका है। वह पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे।
ऋषभ पंत: वापसी की तलाश
ऋषभ पंत के लिए पिछला आईपीएल काफी खराब रहा था। चोटों ने भी उन्हें परेशान किया। आईपीएल 2025 के बाद पंत ने कोई टी20 नहीं खेला है। पिछले साल आईपीएल में उन्होंने 14 पारियों में केवल 269 रन बनाए थे। इसकी वजह से लखनऊ का मध्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा था। अब वह लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ नई शुरुआत करना चाहेंगे और अपने पुराने आक्रामक अंदाज में लौटना चाहेंगे। इसके लिए उन्होंने युवराज सिंह से भी ट्रेनिंग भी ली है।
अजिंक्य रहाणे: आखिरी मौका?
अजिंक्य रहाणे के लिए यह आईपीएल बेहद अहम है। 37 साल की उम्र में उनके पास खुद को साबित करने का शायद आखिरी मौका है। हालांकि हालिया घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है, लेकिन मैच प्रैक्टिस की कमी चिंता का विषय है। रहाणे ने आईपीएल 2025 के बाद 10 टी20 पारियों में 48.87 की औसत और 161.57 के स्ट्राइक रेट से 391 रन बनाए हैं। उन्होंने ये रन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बनाए थे। पिछले आईपीएल सीजन में भी उन्होंने 390 रन बनाए थे और 147.72 के शानदार स्ट्राइक रेट से बनाए थे। हालांकि, पिछले दिसंबर के बाद से उन्होंने कोई कॉम्पिटिटिव मैच नहीं खेला है।
रियान पराग: युवा कप्तान की परीक्षा
रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स ने भविष्य का चेहरा माना है। उन्होंने पिछले सीजन में कप्तानी भी की, लेकिन उसके बाद फॉर्म गिर गया। अब उनके पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका है। पराग ने आईपीएल 2025 के बाद छह टी20 पारियों में 8.83 की औसत और 74.64 के स्ट्राइक रेट से 53 रन बनाए हैं। ये पारियां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आईं। उनके लिए यह टूर्नामेंट भुला देने वाला रहा। इसमें वह किसी पारी में 15 का स्कोर भी नहीं पार कर पाए। इस साल टी20 विश्वकप से पहले नामीबिया के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में इंडिया-ए से खेलते हुए उन्होंने 39 गेंद में 69 रन की पारी खेली थी। 24 साल के पराग अपने फॉर्म को फिर से वापस पाने की कोशिश करेंगे।
ऋतुराज गायकवाड़: तीसरी बार किस्मत आजमाएंगे
ऋतुराज गायकवाड़ को सीएसके ने लगातार कप्तान बनाए रखा और उनपर भरोसा जताया है। भले ही पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन खराब रहा हो, लेकिन ऋतुराज टीम के लिए अहम खिलाड़ी हैं। उनके और अब सैमसन के ईर्दगिर्द सीएसके की पूरी बल्लेबाजी घूमेगी। वनडे क्रिकेट में शानदार फॉर्म के बाद अब उनसे आईपीएल में भी उसी प्रदर्शन की उम्मीद है। ऋतुराज ने आईपीएल 2025 के बाद सिर्फ एक टी20 मैच खेला है। उसमें उन्होंने छह की औसत और 75 के स्ट्राइक रेट से छह रन बनाए। सैमसन को लाने के बावजूद ऋतुराज पर भरोसा जताया गया है और अब उन पर उस भरोसे को कायम रखने का दबाव भी होगा।
IPL 2026: कप्तानों की असली परीक्षा
इस बार आईपीएल सिर्फ खिलाड़ियों का नहीं, बल्कि कप्तानों का भी इम्तिहान होगा। कौन दबाव में सही फैसले लेता है? कौन अपनी टीम को मुश्किल हालात से निकालता है? और कौन ट्रॉफी उठाता है? ये सवाल इस सीजन को और रोमांचक बनाते हैं।

